बांदा में यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 1,614 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

बांदा, उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार से शुरू हुई उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के प्रथम दिन कुल 1,614 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, पहले दिन दोनों पालियों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा में पंजीकृत 23,094 परीक्षार्थियों में से 22,058 उपस्थित रहे, जबकि 1,036 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत 18,884 परीक्षार्थियों में से 18,266 ने परीक्षा दी और 578 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रवक्ता ने बताया कि जिले के 64 परीक्षा केंद्रों पर जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षाएं कराई गईं। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी और प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।
उन्होंने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम के नेतृत्व में सचल दस्ते दोनों पालियों में सक्रिय रहे और परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।





