Breaking News

 बाढ़ से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित, रेल, सड़क संपर्क टूटा

गुवाहाटी,असम में आयी बाढ़ की चपेट में आकर 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, बाढ़ के कारण से दक्षिणी असम और राज्य के बाकी हिस्सों के बीच ट्रेन और सड़क संपर्क टूट गया है।

नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, असम के 222 गांव बाढ़ के पानी की चपेट में आए हैं। राज्य में बाढ़ के पानी से 10,000 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को क्षति पहुंची है। इसके अलावा, राज्य में लगातार हो रही बारिश से दीमा हसाओ जिले के 12 गांवों में भूस्खलन हुआ है।

राज्य में जटिंगा-हरंगाजाओ और माहूर-फाइडिंग में रेलवे ट्रैक भूस्खलन के कारण बंद हो गया। साथ ही भीषण बाढ़ से अभी तक तीन लोगों की मौत भी हो गई है। तीनों की मौत असम की बराक घाटी के कछार जिले में हुई है।जानकारी के अनुसार, असम के कछार जिले के 138 गांव बाढ़ की पहली लहर से प्रभावित हुए हैं।

इसी बीच, राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत शिविर लगाए हैं। इसके साथ ही सेना, अर्धसैनिक बलों, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों को लोगों की निकासी और राहत उपायों के लिए सेवा में लगाया गया है।

इस दौरान,वायु सेना ने भारी बारिश और बाढ़ के कारण फंसे हुए सिलचर-गुवाहाटी ट्रेन में सवार कम से कम 119 यात्रियों को बचाया।