बिजली गिरने से एक युवक की मौत दो अन्य साथी सुरक्षित

बैतूल, मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभातपट्टन ब्लॉक के बिरुलबाजार गांव में बिजली गिरने से एक किसान की जहां माैत हो गयी वहीं उसके दो अन्य साथी बाल-बाल बच गये।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को किसान रामराव दौड़के के खेत में गोभी की फसल पर दवाई छिड़काव करते समय बिजली गिरने से शुभम बनकर (24) की मौत हो गयी। घटना के समय शुभम अपने दो साथियों उमेश और प्रदीप के साथ खेत में काम कर रहा था।
उन्होंने बताया कि बिजली की चपेट में आकर तीनों युवक खेत में गिर गए। कुछ समय बाद उमेश और प्रदीप तो उठ गए लेकिन शुभम बेहोश पड़ा रहा। दोनों साथियों ने तुरंत शुभम के परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे नगर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। मृतक शुभम सखाराम बनकर का पुत्र था। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर मामले को जांच की जांच शुरू कर दी है।





