पटना, बिहार की चार विधानसभा सीटों तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज पर अबतक मिले रुझान में सभी चार क्षेत्रों में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी आगे हैं।
तरारी विधानसभा सीट से राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार विशाल प्रशांत अपने निकटतम उम्मीदवार इंडिया गठबंधन के घटक दल भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) प्रत्याशी राजू यादव से 9642 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। जनसुराज उम्मीदवार किरण सिंह यहां तीसरे नंबर पर चल रही हैं।
रामगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव से कड़े मुकाबले में 368 मतो के अंतर से आगे चल रहे हैं। इंडिया गठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार अजीत कुमार सिंह यहां तीसरे नंबर पर हैं।
बेलागंज विधानसभा सीट से राजग में शामिल जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार मनोरमा देवी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह से 13402 मतों के अंतर से आगे चल रहीं हैं। जनसुराज पार्टी उम्मीदवार मोहम्मद अमजद तीसरे नंबर पर हैं।
इमामगंज (सु) सीट से राजग में शामिल हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (हम) उम्मीदवार दीपा कुमारी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद प्रत्याशी रौशन कुमार से 3872 मतों के अंतर से आगे चल रही हैं। जनसुराज पार्टी उम्मीदवार जीतेन्द्र पासवान तीसरे नंबर पर हैं।