बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान ,1314 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत ईवीएम में बंद

पटना, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों के लिए हुए मतदान में गुरुवार शाम छह बजे तक लगभग 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 64.46 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुए मतदान में दोनों उप मुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, 15 मंत्रियों तथा महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव समेत 1314 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो गयी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि जिला मुख्यालयों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले चरण में अब तक 64.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
श्री गुंजियाल ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों से रिपोर्ट मिलने के बाद अंतिम आंकड़े में एक से दो प्रतिशत का बदलाव हो सकता है। पीठासीन अधिकारी आँकड़ों को अंतिम रूप दे रहे हैं और प्राप्त होते ही उन्हें मीडिया में जारी कर दिया जाएगा।
इस चरण में जिन दिग्गजों की किस्मत का फैसला मतदाताओं ने किया है उनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से दोनों उप मुख्यमंत्री के अलावा 15 मंत्री हैं जिनमें विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पाण्डे, मदन सहनी, नितिन नवीन, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, रत्नेश सदा, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेन्द्र मेहता, संजय सरावगी, डा. सुनील कुमार, जिवेश कुमार, राजू कुमार सिंह और कृष्ण कुमार मंटू तथा विधानसभा उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव, श्याम रजक, अनंत सिह, अमरेन्द्र पांडेय, हरिनारायण सिंह, उमेश कुशवाहा और मैथिली ठाकुर भी शामिल हैं।
इसी तरह महागठबंधन से जिन दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला मतदाताओं ने किया उनमें मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव के अलावा अवध बिहारी चौधरी, डा. रामानंद यादव, वीणा देवी,ललित कुमार यादव, विजेन्द्र चौधरी, रेणु कुशवाहा, खेसारी लाल यादव,आलोक मेहता,भाई वीरेन्द्र, अनिरूद्ध यादव,अवधेश राय शामिल है।
इनके अलावा अन्य नेताओं में तेज प्रताप यादव, आईपी गुप्ता, शिवदीप लांडे,आनंद मिश्रा, वी.के.रवि, जयप्रकाश सिंह, आर.के.मिश्रा, राम नारायण सिंह, पुष्पम प्रिया, के.सी. सिन्हा भी इस चरण में चुनाव मैदान में थे।
इस चरण में राजग के घटक जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के 57, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के दो उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमायी।
महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 71, कांग्रेस के 24, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) के 14, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के छह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पांच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के तीन-तीन उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में थे। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के 118 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाया ।
दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जिसमें 122 सीटों के लिए मतदान कराया जायेगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।





