महोबा, चंद दिनो पहले बहुजन समाज पार्टी से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी जबकि बसपा को तीसरा स्थान हासिल होगा।
मौर्य ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा का भविष्य उज्जवल है। पार्टी की अपनी नीति और सिद्धांत है। कार्यकर्ताओं को भी यहाँ पूरा सम्मान है। केंद्र सरकार की दो साल की उल्लेखनीय उपलब्धियां आम आदमी को प्रभावित कर रही है। मतदाताओं को भाजपा के तौर पर सशक्त विकल्प नजर आ रहा है। उन्होने कहा कि सूबे की मौजूदा अखिलेश यादव सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खान ने समाजवादी पार्टी (सपा) को डूबता हुआ जहाज कह कर सच्चाई सामने ला दी है। सपाइयो को एहसास हो चला है कि अब वे अब दोबारा सत्ता में नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि सत्तारूढ़ दल में इन दिनों भगदड़ का माहौल है। मौर्य ने कहा कि चुनाव में सबसे ज्यादा दुर्गति बसपा की होनी है। जहां भविष्य चौपट देख नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी खिसकने लगे है। चुनाव आने तक बसपा अध्यक्ष मायावती ही पार्टी में अकेली बचेंगी। उन्होने दावा किया की मतपेटिया खुलने पर राजनैतिक दिग्गज भाजपा की दो तिहाई से अधिक सीटे देख भौचक रह जाएंगे।