बीजेपी ने कहा,कांग्रेस फिर हिन्दू-मुसलमान ध्रुवीकरण की नीति पर चल पड़ी

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से पैसा लेने के आरोप को शर्मनाक बताते हुए कड़ी भर्त्सना की है और सवाल किया कि क्या कांग्रेस पार्टी श्रीमती सोनिया गांधी के नेतृत्व में देश में फिर से हिन्दू-मुसलमान का ध्रुवीकरण करने की नीति पर चलने लगी है।

भाजपा प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि श्री सिंह ने जिस प्रकार का बयान दिया है, वह चिंताजनक, शर्मनाक और निंदनीय है। भाजपा एवं संघ पर आईएसआई से पैसा लेने तथा पाकिस्तान के लिए मुसलमानों की तुलना में गैर मुसलमानों द्वारा जासूसी करने जैसे बयान बताते हैं कि उनकी मानसिकता विकृत है। उन्होंने कहा, “ नाम दिग्विजय है लेकिन काम कांग्रेस की परम पराजय कराना है।”

डॉ. पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के नवरत्नों में श्री सिंह, राहुल गांधी, मणिशंकर अय्यर, शशि थरूर, सुशील शिन्दे, गुलाम नबी आज़ाद, जयराम रमेश, सैम पित्रोदा, अधीर रंजन चौधरी शामिल हैं जिनके बयानों को पाकिस्तान उद्धृत करता है और पाकिस्तान के टीवी चैनलों पर दिखाया जाता है। पाकिस्तानी एजेंसियों का काम सधता है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी इन बयानों का हवाला देते हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने को लेकर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में जो प्रस्ताव रखा, उसमें श्री गांधी के बयान का हवाला दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं के आरोप गंभीर, निंदनीय एवं शर्मनाक हैं। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से घृणा करते करते देश के विरोध में भी चले गये हैं। उन्होंने याद दिलाया कि श्री दिग्विजय सिंह ने ही भगवा आतंकवाद का शब्द गढ़ा था। उन्होंने ओसामा बिन लादेन और हाफिज सईद जैसे आतंकवादियों के नाम में आदरसूचक ‘जी’ लगा कर संबोधित संबोधित किया था।

उन्होंने ही 2008 के 26 नवंबर को मुंबई में आतंकवादी हमले को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की साजिश बताया था। श्री दिग्विजय सिंह जाकिर नाईक को शांतिदूत बताते हैं जबकि भाजपा एवं संघ उन्हें जासूस नज़र आते हैं। डॉ. पात्रा ने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी को बताना चाहिए कि क्या उनकी पार्टी फिर देश में हिन्दू-मुसलमान के ध्रुवीकरण कराने की नीति पर चलना चाहती है।

पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदाय की लड़कियों के अपहरण एवं जबरन धर्मपरिवर्तन के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान एक विफल राष्ट्र है। बलूच, पठान, सिंधी सब अलग होना चाहते हैं और सब पर अत्याचार हो रहे हैं। अल्पसंख्यक हिन्दुओं और सिखों पर हमले किये जा रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के देश की अर्थव्यवस्था को लेकर दिये गये बयान के बारे में पूछे जाने पर डॉ. पात्रा ने कहा कि डॉ. सिंह विद्वान अर्थशास्त्री थे और लंबे कालखंड तक देश के प्रधानमंत्री रहे लेकिन देश काे जिस तरह से आगे बढ़ना चाहिए था, वैसे नहीं बढ़ पाया। उन्हें लोगों ने कठपुतली बना कर देश के साथ अन्याय किया। उन्होंने कहा कि देश छह साल से वस्तु एवं सेवा कर और कर सुधारों के साथ मजबूत बुनियाद एवं औपचारिक अर्थव्यवस्था के साथ आगे बढ़ रहा है। डॉ. सिंह अनौपचारिक अर्थव्यवस्था की बात कर रहे हैं जो काले धन का निर्माण करती है।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की अग्रणी पांच अर्थव्यवस्थाओं में एक बनने वाली है। वित्त मंत्री ने जो घोषणाएं कीं हैं, उनसे देश और बुलंदी पर जाएगा। आधारभूत ढांचे पर सौ लाख करोड़ रुपए का निवेश हो रहा है। बैंक ऋण की दरें कम हो रहीं हैं। जब दुनिया में मंदी छायी है तब भारत में अर्थव्यवस्था बुलंदी पर जा रही है।