बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ ‘आप’ की पदयात्रा का चौथा चरण 3 अप्रैल से

लखनऊ,आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के मुद्दे पर ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के चौथे चरण का ऐलान किया है। यह पदयात्रा 3 अप्रैल से शुरू होकर 9 अप्रैल तक आगरा से मथुरा तक, हाथरस होते हुए निकाली जाएगी।
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी आज सबसे बड़ा मुद्दा बन चुकी है, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस विषय को लेकर जनता के बीच जाकर आवाज उठाने का काम किया है और पहले तीन चरणों की पदयात्राओं को प्रदेशभर में भारी जनसमर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में इस अभियान का समर्थन किया है, जो इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। चौथे चरण की पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव और कस्बों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे तथा बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जागरूकता फैलाएंगे।
संजय सिंह ने इसे केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए कहा कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पदयात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी आवाज बुलंद करें।
उन्होंने लोगों से 7500040004 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाती है, तो आम आदमी पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक अपना संघर्ष और तेज करेगी।





