भाजपा अम्बेडकर के बनाए संविधान को नहीं मानती : अखिलेश यादव

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लोकतंत्र और संविधान विरोधी बताते हुए समाजवादी पाटी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान को नहीं मानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा साजिश करके लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करती है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से श्री यादव ने कहा कि “पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पाएगी।” उन्होंने दावा किया कि पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है और समाजवादी पार्टी उसे लोकतंत्र की हत्या नहीं करने देगी।

उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए वर्ग को उनका अधिकार और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य सामाजिक न्याय की स्थापना है, जबकि भाजपा इस विचारधारा के खिलाफ काम कर रही है। श्री यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि हर विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ा है और कमीशनखोरी तथा मुनाफाखोरी के कारण जनता परेशान है।

सपा प्रमुख ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि अब बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर के माध्यम से लूट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले किसानों को नैनो यूरिया के माध्यम से नुकसान पहुंचाया गया और अब बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर के जरिए परेशान किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा को सत्ता से हटाने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के हटने से ही लोकतंत्र और संविधान सुरक्षित रहेगा, भ्रष्टाचार और महंगाई खत्म होगी तथा युवाओं को रोजगार मिलेगा।

Related Articles

Back to top button