लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर, तीखा हमला किया है।अखिलेश यादव लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित खुझौली गांव में आयोजित दंगल महोत्सव उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित कर रहे थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अच्छे दिनों का वादा कर चुनाव जीती थी पर ये अच्छे दिन कहां आए है? भाजपा तो किसानों के कर्जमाफी का झूठा प्रचार कर रही है। तीन साल से ऊपर हो गए प्रधानमंत्री जी ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। गंगा नदी कहां साफ हुई? काली नदी कब साफ होगी? समाजवादी सरकार ने नदी सफाई का काफी काम किया था। सफाई के बदले भाजपा ने नदियों में और गंदगी फैला दी है।
प्रदेशवासियों को भाजपा की साजिशों के बारे में आगाह करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि केंद्र की सरकार ने अपने कार्यकाल में न तो अपने वादे पूरे किए हैं और नहीं जनता के हित में कोई काम किया है। उन्होंने कहा बबूल के पेड़ से आम की उम्मीद नहीं की जा सकती है। वैसे भी दिल्ली में प्रधानमंत्री जी का तीर राम लीला मैदान से कल अपने लक्ष्य पर नहीं पहुंच सका। यह संकेत काफी है।
सन् 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा कोई ओपियम (अफीम) लेकर आ सकती है ताकि जनता को गुमराह कर वोट हासिल किए जा सकें। इनसे सावधान रहना होगा। उन्होंने कहा कि जातीय अनुपात में आरक्षण होना चाहिए। जिससे समाज में सभी के साथ न्याय हो सके।
पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कामकाज पर तीखी टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास विरोधी सरकार है। समाजवादी सरकार ने कैंसर अस्पताल बनवाया, लैपटाप बांटे, कन्याविद्याधन दिया, अमूल प्लांट लगवाया। भाजपा अपने काम का परिचय तो दे। छह माह से यह सरकार सिर्फ समाजवादी सरकार के विकास की जांच ही कर रही है। बेहतर हो वह अपनी भी जांच करे। अपने काम का परिचय तो दे। जब डबल इंजन की सरकार है तो कोई काम कयों नहीं करती है?
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में गोरखपुर में हजारों बच्चों की जापानी बुखार से मौतें हुई है। एक मंत्री ने शर्मनाक बयान दिया कि अगस्त में ऐसी मौतें होती रही हैं। समाजवादी सरकार ने गरीबों को लोहिया आवास दिए थे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 पावर लाइन थी। 55 लाख को समाजवादी पेंशन दी थी। दिल्ली की सरकार ने क्या किया? सपा सरकार ने यूपी 100 डायल पुलिस की व्यवस्था की थी। इससे कानून व्यवस्था में सुधार हुआ था। अब भाजपा मुख्यमंत्री उसमें भ्रष्टाचार की बात करते है तो यह किसकी जिम्मेदारी है? सरकार तो उन्हीं की है।
अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था तबाह हुई है। नोट काला सफेद नहीं होता है। लेनेदेन काला सफेद होता है। सरकार बताए कि कितना कालाधन है? देश के बड़े 100 कर्जदारों में लगभग 50 उत्तर प्रदेश के है। इन कर्जदारों की सूची भाजपा जाहिर करे। नोटबंदी का पैसा इनके पास ही गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी तरक्की ओर खुशहाली की तरफदार है। भाजपा से धोखा न मिले इसके लिए सभी को समझदार और सावधान रहना होगा। भाजपा ने भोली भाली जनता को आखिर धोखा क्यों दिया?
पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसानों और गांवों के लिए उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा काम समाजवादी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा बिना बड़े काम किए राज्य का विकास नहीं हो सकता है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़क समाजवादियों ने ही बनाई। किसानों को चार गुना मुआवजा दिया गया था। किसानों को अपनी फसल के विक्रय में सुविधा मिले इसके लिए मंडियों की स्थापना की। बीमारों और प्रसूताओं के लिए 108 और 102 नं0 एम्बूलेंस सेवा शुरू की थी।