भाजपा के घटाव के सिलसिले को रखेंगे बरकरार: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटें घटाने में सफल रहा है और घटाव का यह सिलसिला निरंतर जारी रखने के प्रयास किये जायेंगे।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम से पता चलता है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। सपा की कोशिश रहेगी कि भाजपा के घटाव का सिलसिला बरकरार रखा जाये। मौजूदा चुनाव में गठबंधन काफी हद तक भाजपा के भ्रम और छलावे को जनता के बीच दूर करने में सफल रहा है।

उन्होने ट्वीट किया “ उप्र की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी व मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद। हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा।आधे से ज़्यादा भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में हो जाएगा। जनहित का संघर्ष जीतेगा।”

सपा अध्यक्ष ने सपा गठबंधन के जीते हुये विधायकों को बधाई देते हुये कहा कि सभी नये विधायक जनता की सेवा और सहायता करने की जिम्मेदारी शत प्रतिशत निभायें।

उन्होने ट्वीट किया “ सपा-गठबंधन के जीते हुए सभी विधायकों को हार्दिक बधाई। सभी नये विधायक जनता की सेवा व सहायता करने की ज़िम्मेदारी शत-प्रतिशत निभाएं। उस हर एक छात्र, बेरोज़गार युवा, शिक्षक, शिक्षामित्र, महिला, पुरानी पेंशन के समर्थक, किसान, मज़दूर और प्रोफेशनल को धन्यवाद जिसने हममें विश्वास जताया। ”

गौरतलब है कि गुरूवार को आये चुनाव नतीजों में भाजपा को 254 सीटें मिली है जबकि सपा को 112 सीटें मिली है। वर्ष 2017 के चुनाव से यदि तुलना की जाये तो भाजपा को जहां 57 सीटों का नुकसान हुआ है वहीं सपा को 64 सीट का फायदा हुआ है। सपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को आठ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को छह सीटों पर सफलता मिली है वहीं भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) को 12 और निषाद पार्टी को छह सीटे हासिल हुयी हैं। दो सीटे कुंडा के विधायक राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के हाथ लगी हैं।

Related Articles

Back to top button