भाजपा के नेता ब्राह्मणों को अपमानित और नीचा दिखाने में जुटे : शिवपाल यादव

इटावा , समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले छह महीने से ब्राह्मणों को अपमानित और नीचा दिखाने में जुटी हुई है।

इटावा मुख्यालय के कृष्णा गार्डन में काशीराम जयंती समारोह में शामिल होने आए शिवपाल ने उप्र दरोगा पुलिस परीक्षा में पंडित नाम से पूछे गए सवाल को लेकर कहा “ पिछले 6 माह से हम देख रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ब्राह्मणों को अपमानित करने और नीचा दिखाने में जुटी हुई है।”

उन्होने इशारा किया कि ब्राह्मण वर्ग कहीं ना कहीं समाज में एक अलग पहचान के लिए जाना जाता है लेकिन जिस तरह से पिछले छह माह से भाजपा में ब्राह्मणों को अपमानित किया जा रहा है कि इससे निश्चित है कि ब्राह्मण वर्ग भाजपा से अलग होकर के अपनी एक राह बनायेगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भगवान राम का धोखा देकर अपमान करने में जुटी हुई है। भगवान राम के राज में कभी भेदभाव नहीं था लेकिन भाजपा के राज्य में हर वर्ग में भेदभाव ओर झूठ का बोल बाला दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि बहुजन समाज से जुड़े हुए लोगों के बीच जाएं और उनको सरकार की करगुजारियां बात करके अपने पक्ष में खड़े करने का काम करें।

उन्होंने कहा कि पिछड़ी जाति बहुजन समाज और सभी पीडीए वर्ग से जुड़े हुए लोगों को एकजुट करके 2027 में समाजवादी सरकार बनाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएं। उन्होंने कहा कि बहुजन जननायक काशीराम के जन्म दिवस पर हम सभी नमन करते हैं और याद करते है। जीवन में।बहुजन समाज को नया मुकाम देने को कांशीराम जी ने बहुत बड़ा संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने बहुत अच्छा संविधान बनाया जिसका फायदा हर वर्ग को मिल रहा था लेकिन केंद्र राज्य में भाजपा की सरकार बनते है संविधान को तोड़ा जाना शुरू कर दिया गया। संविधान के अनुरुप देशवासियों को बहुत कुछ मिलना चाहिए था लेकिन भाजपा राज में संविधान के अनुरूप कोई भी कार्य नहीं हो रहा है।

शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा तो भगवान राम को भी धोखा देना का काम करते हैं सबकी दुर्दशा हो रही है, दस साल में सबको लूट लिया है। जीएसटी के नाम से सबको लूटने मे भाजपा लगी हुईं है। इटावा बरेली हाइवे से टोल वसूला जा रहा है।बुंदेलखंड हाईवे की जर्जरता किसी से छुपी नहीं है। सिंचाई विभाग ओर पीडब्ल्यूडी विभाग में काफी घोटाला हुआ है।

Related Articles

Back to top button