भाजपा के पदाधिकारी उड़ा रहे है कानून की धज्जियां: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में इसके ही पदाधिकारियों और नेताओं द्वारा खुले आम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
उन्होने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा के पदाधिकारियों के अश्लीलता की हद पार करते हुए वीडियो वायरल हुए है। भाजपाई नेताओं और उनके परिजनों के कुकृत्य की वीडियों क्लिपें निहायत शर्मनाक है। कोई भाजपा नेता सेक्स रैकेट चलाता मिलता है तो कोई सरेराह दुष्कर्म में लिप्त मिल रहा है। भाजपा में भूमाफिया खुलेआम गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा के कई प्रवक्ता भाषा और संस्कार की मर्यादा को धूल धूसरित करते हुए विपक्षी प्रवक्ताओं को अपमानित कर रहे हैं, उन पर कोई रोक नहीं लगती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ये कौन से संस्कार हैं जो सामने आ रहे हैं। दरअसल यही भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है जिसे भाजपा धर्म और राष्ट्रवाद के दावों के बीच छुपाती है जबकि भाजपाइयों का असली चरित्र ही भ्रष्टाचारी है।
उन्होने कहा कि सरकारी भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वालों के खिलाफ झूठे केस लगाकर बुरी तरह उत्पीड़ित किया जाता है। भाजपा सरकार में सरेआम अवैध कांड हो रहे है इसके पीछे भाजपा नेताओं एवं प्रशासनिक अमले की सांठगांठ और मिली भगत होती है। नदियों की छाती चीरकर रेत निकाली जा रही है। पहाड़ काटे जा रहे है। सड़के बनने के साथ ही उखड़ने लगती है। बांदा में जल जीवन मिशन के तहत एक करोड़ रूपए की लागत से बनी पानी की टंकी टेस्टिंग में फेल। कई जिलों में टंकिया फट गई। खनन अब उद्योग नहीं भाजपा सरकार में लूट का धंधा बन गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता संरक्षित स्वजातीय गुंडे अराजकता फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। गाजीपुर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ने पिस्टल के साथ एक समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता के परिवार को धमकाया। भाजपा के पूर्व विधायक को वर्तमान विधायक के पुत्र ने घर से उठवा लेने की धमकी दी।
उन्होने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति का डंका पीटने वाली भाजपा अपराधियों को संरक्षण देने और अपने विरोध की हर आवाज को दबाने के लिए उनका उत्पीड़न करने का काम पूरी ईमानदारी से कर रही है।