नई दिल्ली, भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए नये पार्टी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री महेंद्र नाथ पांडेय भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष होंगे। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बड़ा संगठनात्मक परिवर्तन करते हुये महेंद्र नाथ पांडे को यूपी का अध्यक्ष बनाया है। महेंद्र नाथ पांडे केशव मौर्य की जगह लेंगे। केशव मौर्य योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं।
अभी तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य थे लेकिन प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पार्टी को नए अध्यक्ष की जरूरत थी। केशव प्रसाद मौर्य फूलपुर से सांसद थे। उनके नेतृत्व मे, यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 312 सीटें जीती थीं। यूपी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन पर उन्हें प्रदेश का उपमुख्यमंत्री पद दिया गया था।
महेंद्र नाथ को भाजपा के मिशन 2019 को ध्यान में रखकर पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह गृह मंत्री राज नाथ सिंह के गृह जिले चंदौली से सांसद है। महेंद्र नाथ 1997 से 2002 तक उत्तर प्रदेश में शहरी विकास मंत्री भी रह चुके हैं.