भाजपा ने गरीबी से मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया

BJPकोझिकोड, भारतीय जनता पार्टी ने सबको समान अवसर उपलब्ध कराने तथा गरीबी के अभिशाप से मुक्ति दिलाने के लिए काम करने का संकल्प लिया है। भाजपा राष्ट्रीय परिषद की बैठक में रविवार को प्रस्तुत राजनैतिक प्रस्ताव में यह कहा गया है। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने राजनैतिक प्रस्ताव पेश किया। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल समेत कई नेताओं ने इसका समर्थन किया जिसके बाद कुछ संसोधनों के साथ राजनैतिक प्रस्ताव आम सहमति से पारित हो गया। यह प्रस्ताव पूरी तरह से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी पर केंद्रित है जिसमें पार्टी ने यह प्रतिबद्धता जताई कि वह देश में गरीबों के कल्याण के लिए जितनी भी कल्यणकारी योजनाएं हैं, उनपर तेजी से अमल के लिए काम करेगी। देश में समृद्ध समाज का निर्माण करने के लिए सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं उपलब्धियों के लिए भी जनता के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा सम्मान, बराबरी तथा गरिमापूर्ण जीवन के लिए एक राजनैतिक विचार के रूप में सकारात्मकता का निर्माण किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता दीन दयाल जी के विचारों को, विशेषकर गरीब कल्याण अंत्योदय के विचारों को समाज के सभी वर्गों तक ले जाने के लिए इस जन्मशताब्दी वर्ष में विशेष कार्य करेगी। सामाजिक जीवन में समाज के सभी वर्गों में ऊंच-नीच और भेदभाव के विषयों को समाप्त करके एकात्मभाव का पूरे देश में निर्माण किया जाएगा। जन्म शताब्दी वर्ष को पार्टी को बढ़ाने का जरिया मानकर आगे चलना है। राष्ट्र के स्वावलंबन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहकार्य को भी आगे बढ़ाया जाएगा। गरीब, वंचितजनों के कल्याण के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button