भाजपा में अंदरूनी कलह चरम पर : अजय राय

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अंदरूनी कलह अपने चरम पर पहुंच गयी है।

अजय राय ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पार्टी कार्यालय में मौजूद न रहना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे, लेकिन मुख्यमंत्री का न होना यह दर्शाता है कि उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के भीतर भारी अंतर्कलह चल रही है। उन्होंने कहा, “पार्टी के अंदर लोग आपस में लड़ रहे हैं, जिससे साफ है कि संगठन में सब कुछ ठीक नहीं है।”

अजय राय ने मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “ योगी जी ने गोरखपुर में कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया था, लेकिन हकीकत यह है कि उनकी अपनी पार्टी ही उनके साथ विश्वासघात कर रही है।”

उन्होंने योगी सरकार पर जनता से किए वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा, “आपने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है, कोई भी बड़ा वादा पूरा नहीं किया गया।” अजय राय ने प्रदेश में चल रही बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि “पूरे प्रदेश में बुलडोजर चलाकर मंदिर और मस्जिदों में विध्वंस किया जा रहा है।

वाराणसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में हालात ऐसे हैं कि गौमाता के अवशेषों को कुत्ते खा रहे हैं और इसे प्रशासनिक विफलता बताया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की इस प्रेसवार्ता में भाजपा और योगी सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले देखने को मिले, जिससे प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

Related Articles

Back to top button