Breaking News

भाजपा विधायक की बहू की करंट लगने से हुई मौत

देवरिया,उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक कमलेश शुक्ल की पुत्र वधू की उत्तराखंड के रूद्रपुर में करंट लगने से मृत्यु हो गई।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी अम्बिकेश पाण्डेय ने आज यहां बताया कि विधायक श्री शुक्ल की छोटी बहू कंचन शुक्ला(35) की सोमवार की रात उत्तराखंड के रूद्रपुर में स्थित उनके आवास में करंट लगने से मौत हो गई। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित विधायक रामपुर कारखाना के फार्म हाउस में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था। कंचन शुक्ला ने घर में काम करने वाले व्यक्ति से इन्वर्टर का तार निकालने के लिए कहा। काम करने वाला व्यक्ति तार नहीं निकाल पा रहा था। इस पर कंचन खुद तार निकलने गई। उसी दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। सांसद डा. रमापतिराम त्रिपाठी,सांसद रविन्द्र कुशवाहा,सांसद कमलेश पासवान,कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही,राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद,भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह,विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेश तिवारी,विधायक काली प्रसाद आदि ने गहरा दुख व्यक्त किया है।