Breaking News

भाजपा सरकारें उड़ा रहीं हैं संविधान की धज्जियां: बृजलाल खाबरी

प्रयागराज, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारें संविधान की धज्जियां उड़ा रही हैं।

अलोपीबाग स्थित पटेल सेवा संस्थान में सोमवार को ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए उन्होने कहा “ केंद्र और प्रदेश की सरकारें संविधान की धज्जियां उड़ा रही हैं। ऐसे कई उदाहरण है जिससे यह कहा जा सकता है कि संविधान खतरे में है। संविधान कुछ कह रहा है जबकि सरकारें कुछ और कह रही हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए कांग्रेस ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ आयोजित कर रही है।

मध्य प्रदेश में आदिवासी युवक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता द्वारा पेशाब किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि देश के लिए यह शर्मनाक घटना है लेकिन आरोपी के खिलाफ संविधान के तहत रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने पीड़ित को बुलाकर पांव पखारे लेकिन उसके बाद भी मुकदमा न/न दर्ज करना संविधान के साथ भद्दा मजाक नहीं तो और क्या है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को भी खत्म करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कोई भी संस्था स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं कर रही है। सरकार तेजी से निजीकरण की ओर बढ़ रही है और लोगों के हक हुकूक को खत्म कर रही है। कांग्रेस द्वारा संविधान को बचाने के लिए जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है।

बृजलाल खाबरी ने 2024 लोकसभा चुनाव में देश में कांग्रेस की सरकार बनने का बड़ा दावा किया है। गठबंधन के सवाल पर कहा है कि इसका निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस पर निर्णय लेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई के लिए कालाबाजारी और जमाखोरी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुनाफाखोरों पर कोई अंकुश नहीं रह गया है। यूनीफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले देश की महंगाई और बेरोजगारी और अन्याय और अत्याचार पर चर्चा करना चाहिए। सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पीछे भाग रही है। टमाटर और सब्जियां आम आदमी की थाली से गायब हो गई हैं। दालों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं लेकिन सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कहा है कि यूसीसी पर चर्चा से पब्लिक को कुछ भी मिलने वाला नहीं है।