भाजपा सरकार का “गड्ढा मुक्त अभियान” विफल : अखिलेश यादव

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “गड्ढा मुक्त अभियान” पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा सहित कई जिलों में सड़कों की बदहाल स्थिति लगातार सामने आ रही है और आए दिन गड्ढों में वाहन गिरने की घटनाएं हो रही हैं।

हाल ही में नोएडा में एक कार के खुले नाले में गिरने और पूर्व में एक इंजीनियर की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नौ वर्षों में भी सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा सके, जबकि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और बजट का बंदरबांट हो रहा है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, महिला अपराध, साइबर अपराध और दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा झूठा साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य ठप हैं और योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार है, जिसमें जल जीवन मिशन का उदाहरण सामने है।

उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, बिचौलियों का दबदबा है और खाद-बीज के लिए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा और नौकरी मांगने पर लाठीचार्ज झेलना पड़ता है। व्यापारियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने वाराणसी में पुरानी दाल मंडी तोड़े जाने का भी मुद्दा उठाया।

अखिलेश यादव ने कहा कि निवेश और विकास के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं। भाजपा सरकार में “झूठ, लूट और बेईमानी” नीति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को विकास की दौड़ में पीछे धकेल दिया गया है।

Related Articles

Back to top button