भाजपा सरकार में दिल्ली बनी अपराध की राजधानी : आप

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि चार इंजन की भाजपा सरकार में दिल्ली अब अपराध की राजधानी बन गई है।
आप के वरिष्ठ नेता और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर आज भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली अब अपराध की राजधानी बन गई है। अपराधी बिल्कुल बेलगाम हो गए हैं। प्रताप नगर में दो युवकों की गोली मारकर और पटपड़गंज में चाकू मारकर युवक की हत्या कर दी गई। लाल किले के अंदर एक करोड़ रुपए की कीमत का कलश चोरी कर लिया गया। यह घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और आज यहां भाजपा की चार इंजन वाली सरकार है। यह एक ऐसी सरकार है, जिसके पास पुलिस, जमीन, नगर निगम, दिल्ली सरकार समेत हर व्यवस्था है। इन सबको चलाने वाले उपराज्यपाल और केंद्र सरकार भी भाजपा के ही हैं। इसके बाद भी दिल्ली अपराध की राजधानी बनती जा रही है।
आप नेता ने कहा कि आज दिल्ली में हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते। दिल्ली में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं, फिरौती मांगी जा रही है और चार इंजन वाली सरकार चुप बैठी है।
उन्होंने कहा कि पहले भाजपा पुलिस को आम आदमी पार्टी के नेताओं के पीछे लगाती थी, अब पुलिस को अपनी सुरक्षा में लगा रही है। भाजपा को अपनी सुरक्षा के बजाय जनता की सुरक्षा में पुलिस को लगाना चाहिए।