भाजपा सरकार में व्यापार आपातकाल के दौर में : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में व्यापार और कारोबार आर्थिक एवं सामाजिक आपातकाल से गुजर रहा है।
अखिलेश यादव ने रविवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले एक साल में 35 हजार एमएसएमई इकाईयां बंद हो गयी है। भाजपा सरकार में उत्पादन नहीं हो रहा है। भाजपा से जुड़े कारोबारी मुनाफा कमा रहे है। बिचौलिये लाभ कमा रहे है। भाजपा सरकार में व्यापारियों से चंदे के रूप में विशेष नजराना वसूला जा रहा है। भाजपा सरकार के टैक्स सिस्टम से व्यापारियों में डर का माहौल है।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में जीएसटी, पुराने मामलों की झूठी नोटिस और सेटलमेंट की नाम पर व्यापारियों से वसूली हो रही है। कानपुर में सेटलमेंट पालिसी के नाम पर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के सामने महीनों पुलिस बैठा दी गयी थी। सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने पर छापे मारे जाते है। भाजपा सरकार की वसूली की नीतियों से व्यापारी दुःखी और परेशान है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार है। हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट हो रही है। भाजपा सरकार का हर इंजन ईंधन की तलाश में है। भाजपा सरकार की उगाही और वसूली से व्यापारी बहुत चिंतित और परेशान है। भाजपा सरकार में व्यापारियों को तमाम तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है। कहीं जीएसटी के नाम पर छापा मारा जा रहा है तो कहीं अन्य टैक्सों के नाम पर वसूली हो रही है। लोगों के पास वर्किंग कैपिटल नहीं बची है। लेन-देन और व्यापार के लिए कर्ज लेने जाने पर बैंक के लोग कमीशन, मांगते है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान के लिए काम करेगी। व्यापारियों की हर तरह से मदद की जायेगी। समय आने पर समाजवादी सरकार व्यापारियों को सुविधा देगी, व्यापारियांे की अधिकारियों से भी रक्षा करेगी। प्रदेश में जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार रही व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और उद्योग, व्यापार को बढ़ाने, निवेश के लिए फैसले लिए गए थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि भाजपा सरकार प्रदेश के टॉप 20 माफियाओं की सूची जारी करें। साथ ही जिलों के टॉप 10 माफियाओं की सूची जारी करे। सरकार वाराणसी, चंदौली, गोरखपुर, मिर्जापुर, कुशीनगर, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, लखनऊ कानपुर, उन्नाव समेत सभी जिलों के टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी करें। उन्होनंे कहा कि जिलों जिलों के टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी होने से अपराध की घटनाएं कम हो जायेगी लेकिन भाजपा सूची नहीं जारी करेगी क्योंकि माफिया और अपराधी भाजपा से जुड़े है। प्रदेश में आये दिन हत्याएं हो रही है। पुलिस की अपराधियों से साठगांठ है। भाजपा सरकार में आम जनता गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक कोई सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पीडीए के खिलाफ बोल रहे है क्योंकि पीडीए उन्हें परेशान किए हुए है। भाजपा घोर जातिवादी पार्टी है। इस सरकार में हर फैसला जाति के आधार पर लिया जाता है। समाजवादी लोग पीडीएवादी है। भाजपा सरकार में ऊपर से नीचे तक जातिवाद है। इस सरकार में कुल 2500 लोग प्रदेश को लूट रहे हैं, वही प्रदेश में अन्याय, अत्याचार करा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खां ने यूनिवर्सिटी बनाई। भाजपा सरकार ने यूनीवर्सिटी बंद करा दी। उन पर और परिवार पर झूठे मुकदमे लगवा दिये।