Breaking News

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था : भाजपा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुराग ठाकुर ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि मोदी सरकार ने पिछले दस साल में देश के हर क्षेत्र में विकास कर भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्था बनाने में कामयाबी हासिल की है।

अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। विदेशी मुद्रा भंडार दस वर्षों में बढ़ा है। देश के खजाने को दोगुना किया गया है। पिछले दस वर्षों में हमारी सरकार ने चार करोड़ पक्के मकान, बारह करोड़ शौचालय बनाकर दिए और लगभग हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना से सात करोड़ लोगों का मुफ्त में इलाज हुआ। गरीब के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आया है। पहले के लोगों ने गरीब को और गरीब किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा गरीबों की चिंता करते हैं इसलिए पिछले दस साल में सरकार ने जो योजनाएं लाई है उसमें गरीबों को कल्याण हुआ है।

भाजपा नेता ने कहा कि पिछली सरकार ने बैंकों का बुरा हाल कर दिया था। अब हमारे बैंक और मजबूत होने वाले हैं। पहले तो बैंक खाते खोलना भी कठिन था। पीएम स्वनिधि योजना में लगभग सत्तर लाख स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी के पैसा मिला, व्यापार करने का मौका मिला।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सौ के आसपास वंदे भारत चल रही हैं। आपके समय में एक भी नहीं थीं। आपके समय में एक दिन में 12 किलोमीटर प्रति दिन नेशनल हाईवे बनता था, आज 30 किलोमीटर नेशनल हाईवे रोज बनते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी में हमारी सरकार ने शानदार काम किया है। यहां के लोगों को समय पर कोरोना के टीके लगवाने के साथ- साथ देश में इसके टीके का इतना उत्पादन किया गया कि भारत ने 157 देशों को कोरोना वैक्सीन देने काम किया है।

भाजपा की बांसुरी स्वराज ने लोक सभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुये कहा कि यह अभिभाषण ऐतिहासिक है और इसमें न केवल मोदी सरकार के दाे कार्यकालों के अद्वितीय कार्यों का वर्णन है, बल्कि यह विकसित भारत का उद्घोष भी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। मोदी सरकार ने कहा था, अनुच्छेद 370 हटायेंगे, हटाया, कहा था, राम मंदिर बनायेंगे, राम मंदिर बनाया, कहा था, नागरिकता संशोधन कानून लायेंगे, लाये, वन रैंक-वन पेंशन लाने को कहा था, लाये।

सुश्री स्वराज ने कहा कि मोदी सरकार ने मेक इंडिया की नींव रखी है और इस पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय जब दुनिया में कई देश युद्ध में फंसे हुये हैं, ऐसे में भारत तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। आज देश के युवा नौकरी ढूंढने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बन रहे हैं। विकास में क्षेत्रीय संतुलन बनाने पर सरकार का ध्यान है और सेमीकन्डक्टर चिप बनाने के लिये असम में कारखाने की नींव रखी जा चुकी है।

महिलाओं को सशक्त करने के लिये ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित किया गया है। जन-धन खातों में महिलाओं का अनुपात ऊंचा है।

सुश्री स्वराज ने कहा कि किसानों के लिये अनेक योजनाएं लायी गयीं। किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों की सीधे आर्थिक मदद की गयी। गरीबों के कल्याण के लिये चलायी जा रही अनेक योजनाओं के कारण 25 करोड़ गरीब गरीबी की रेखा से ऊपर लाये गये। आज 81 करोड़ से अधिक गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। तीन करोड़ गरीबों के लिये और पक्के मकान बनाये जायेंगे।

उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की बदइंतजामी पर प्रहार करते हुये कहा कि कुछ समय पहले तक दिल्ली में पीने के पानी के लिये हाहाकार मचा हुआ था, लेकिन अब दिल्ली पहली बारिश में ही जलभराव से त्राहिमाम है।

सुश्री स्वराज ने कहा कि कुछ दिन पहले विपक्ष के एक नेता अयोध्या से नवनिर्वाचित सांसद को अयोध्या का राजा बता रहे थे, यह विपक्ष की राजसी मानसिकता को परिलक्षित करता है।

तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुये कि उनको बैठाने के चक्कर में जनता ने भाजपा को ही नकार दिया और उसके 63 सदस्यों को स्थायी रूप से बैठा दिया। लोकसभा में उसके सदस्यों की संख्या 303 से घटकर 240 पर आ गयी।

इसी बीच, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब सदन से जाने लगे तो उन्होंने चुटकी लेते हुये कहा “आप मेरी बात सुन लीजिये। मैं आपसे आग्रह करती हूं कि आप मेरी बातों को सुनें। आप ढाई घंटे यहां बैठे रहे और ये भी सुनते हुये, जाइए सर। आप चुनाव प्रचार के दौरान दो बार मेरे इलाके में आये थे, सर। आज तो सुनते जाइये सर।”

सुश्री मोइत्रा ने कहा, “पिछली बार जब मैं सदन में खड़ी थी, तो मुझे बोलने नहीं दिया गया और एक सांसद की आवाज दबाने की बहुत बड़ी कीमत सत्ताधारी पार्टी को चुकानी पड़ी है। मुझे दबाने की कोशिश में जनता ने आपके 63 सांसदों को स्थायी रूप से बैठा दिया। ”

उन्होंने कहा, “हालिया चुनाव के दौरान और उससे पहले तक सत्ता पक्ष द्वारा मेरा चीरहरण किया जा रहा था, लेकिन जनता ने कृष्ण बनकर मेरी रक्षा की। द्रौपदी की तरह मेरा भी चीरहरण किया गया, लेकिन जनता मेरे लिये कृष्ण बन गयी।”

पंचायती राज मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में मोदी सरकार के पिछले दस साल के कामों का दर्पण है। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान पूरे विपक्ष खासकर कांग्रेस ने जिस प्रकार का दुष्प्रचार किया, उसका परिणाम जनता ने उन्हें दे दिया। देश की जनता ने कांग्रेस को नकार कर तीसरी बार प्रधानमंत्री पर पूर्ण भरोसा जताया है। देश से भ्रष्टाचार खत्म करने और देश की अर्थव्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए श्री मोदी को तीसरी बार मौका दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संविधान पर बात करने का कोई अधिकार नहीं है। जिस पार्टी ने संविधान को चकनाचूर किया है उसे संविधान की बात करने का हक नहीं है। कांग्रेस संविधान विरोधी रही है और संविधान विरोधी रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ईवीएम में धांधली का आऱोप लगाती है लेकिन वह जब तेलंगाना, कर्नाटक जीतती है तो ईवीएम को भूल जाती है।

शिव सेना (उद्धव गुट) के अरविन्द सावंत ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया गया, उसे सुनकर दुख हुआ था। इस दौरान पूरे देश में नफरत फैलाकर और धार्मिक ध्रुवीकरण करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए महाराष्ट्र में किस प्रकार सरकार बनाई गयी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने चार सौ पार का नारा दिया और लोगों को शेयर बाजार में पैसे लगाने को कहा और लोगों का तीस लाख करोड़ का नुकसान हुआ। इस घोटाले के लिए कौन जिम्मेदार है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने कहा कि देश यह भी जानना चाहता है देश पर कितना कर्ज है। यह अभिभाषण में कह गया कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, तो पांचवी अर्थव्यस्था के लिए यह सही है। पांचवे नंबर की अर्थव्यवस्था का ढिंढ़ोरा पीटने वाले बतायें कि मध्यम वर्ग को किया मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश में वास्तविकता यह है कि मिनरल पानी एक लीटर बीस रुपया में मिलता है और किसानों को अपना एक लीटर दूध बाइस रुपये में बेचना पड़ता है। क्या यह किसानों की कल्याण की बात है।

भाजपा के धर्मवीर सिंह ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के समर्थन में कहा कि कारगिल से लेकर पूर्वोत्तर के इलाके में पिछले दस साल में शानदार सड़कें बनायी गयी, जिससे को एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से पहुंच सकती है। देश के हर हिस्से में सड़कें बनाई गयी है। पहले चंडीगढ से दिल्ली आने में छह घंटे लगते थे, अब सवा तीन घंटे में रेल से पहुंच रहे हैं। उऩ्होंने कहा कि हर राज्य में मेडिकल कालेज बनाये गये, इस तरह का भारत पहले कभी नहीं देखा गया था।

कांग्रेस के मनीष तिवारी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। चुनाव आयोग सबसे निष्पक्ष होना चाहिए लेकिन आयोग के आयुक्तों के चयन में जो व्यवस्था की गई है उस पर सोचा जाना चाहिए। उन्होंने आज से लागू तीन नये आपराधिक कानूनों की भी आलोचना की और कहा कि मोदी सरकार ने इन कानूनों को पारित करने में मनमानी की है। इन कानूनों को जो व्यापकता दी जानी चाहिए, वह भाजपा सरकार की मनमानी के कारण संभव नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव ने एक संदेश दिया है कि अगर धर्म का इस्तेमाल राजनीति के लिए करेंगे तो यह देश की जनता को मंजूर नहीं है। अयोध्या में भाजपा उम्मीदवार की हार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है। मोदी सरकार ने पिछले दस साल के दौरान गलतियां ही गलतियां की है और इस चुनाव में उसे इसकी कड़ी सजा भी मिली है।

शिव सेना के डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि दस साल में पार्टी 99 तक पहुंची है तो उसका सीना फूला हुआ है। यह पार्टी 100 का आंकड़ा भी छू नहीं सकी है। कांग्रेस सरकार की विदेश नीति ने देश को कमजोर किया है ,लेकिन आज स्थिति बदली है और पाकिस्तान जैसा मुल्क भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता है। आतंकवाद को कुचला जा रहा है जबकि कांग्रेस सरकार में आतंकवाद सिर चढ़कर बोल रहा था।

उन्होंने कांग्रेस को दलित विरोधी बताया और कहा कि बाबा साहब का सम्मान कांग्रेस ने नहीं भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने श्री तिवारी के चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर सवाल उठाने को गलत बताया और कहा कि कांग्रेस सरकार ने सबसे ज्यादा दुरुपयोग आयोग का किया है। सेना को कमजोर करने का काम भी कांग्रेस सरकार ने किया है।

लोकजन शक्ति पार्टी -पासवान की शाम्भवी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था कर महिलाओं को सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढाया है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक विकास कर रहा है और तेजी से विश्व की आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मोदी सरकार ने वैश्विक मंच पर देश को महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है।

राष्ट्रीय जनता दल के अभय कुमार सिन्हा ने कहा कि देश के समक्ष कई तरह की चुनौतियां हैं लेकिन उनके समाधान की तरफ कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी चरम पर है, बिहार का युवा बेरोजगारी से परेशान है। मोदी सरकार बिहार की बैसाखियों पर खड़ी है, फिर भी बिहार के युवाओं के सपने पूरा करने का काम नहीं हो रहा है।

उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का आग्रह किया और कहा कि केंद्र सरकार बिहार के बल पर चल रही है इसलिए उसे विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। बाढ़ को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में इस समस्या का समाधान आवश्यक है। जाति जनजगणना कराने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश के कमजोर वर्गों का हित होगा।