भारत मंडपम मुद्दे पर सियासी घमासान तेज , लखनऊ में भाजयुमो का कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ,  भारत मंडपम मुद्दे को लेकर राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु द्विवेदी की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और “राहुल गांधी मुर्दाबाद” तथा “कांग्रेस होश में आओ” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि देश विरोधी राजनीति और भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली बयानबाजी युवाओं को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की साख से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके चलते कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही।

राजधानी में इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तकरार तेज हो गई है। भारत मंडपम विवाद ने प्रदेश की राजनीति में नई गर्माहट ला दी है और आने वाले दिनों में इस पर बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

ग़ौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में एआई इंपैक्ट समिट चल रहा है। इसी दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में टॉपलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोदी विरोधी नारे भी लगाए। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह बिना शर्ट के प्रदर्शन किया उसे लेकर राजनीति गरमा गई है।

भाजपा ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। देश की सत्ताधारी पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से हंगामा किया ये देश की छवि खराब करने की कोशिश है। कांग्रेस देश का मान सम्मान भूल गई है।

Related Articles

Back to top button