भ्रष्टाचार करने में भाजपा ने अयोध्या और वाराणसी को भी नहीं छोड़ा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार और लूट करने में पवित्र नगरों अयोध्या और वाराणसी को भी नहीं छोड़ा।

उन्होने कहा कि अयोध्या में जमीनों के खरीद-फरोख्त से लेकर निर्माण और टेंडर हर कार्य में घोटाला ही घोटाला हुआ है। घोटाला करने वाले सब भाजपाई हैं। यही इनका असली चरित्र है। चित्रकूट कोषागार में पेंशन घोटाले में जमकर लूट हुई है। मृत पेंशनरों के नाम पर करोड़ों की रकम निकाल कर बंदरबांट कर ली गयी। यह घोटाला काफी बड़ा हैं। निर्माण कार्यों, सड़कों के निर्माण में जमकर कमीशनखोरी और लूट है। भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं में भ्रष्टाचार पहले ही उजागर हो चुका है।

अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर भ्रष्टाचार और इस सरकार के झूठ के कारण लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे है। नौ साल की सरकार में यह सरकार सड़कों के गड्ढ़े नहीं भर पायी। गड्ढ़ा मुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ रूपये के बजट की लूट हो गयी। सड़कों में गड्ढ़ों के कारण हर दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों की जानें जा रही है। भाजपा सरकार में विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। हर साल लाखों करोड़ का बजट कहां जा रहा है कुछ पता नहीं चल रहा है।

उन्होन कहा कि प्रदेश की जनता, किसान, नौजवान, महिलाएं भाजपा के भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर इसके भ्रष्टाचार का खात्मा कर देगी।

Related Articles

Back to top button