भ्रष्टाचार के आरोप में लख़नऊ के गौतमपल्ली थाने के सभी कर्मचारी लाइन हाजिर

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए लखनऊ के गौतमपल्ली थाने के सभी कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
मुख्यमंत्री आवास से चंद कदम की दूरी पर स्थित गौतमपल्ली थाने के कर्मचारियों के खिलाफ अतिसंवेदनशील माने जाने क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लिप्त पाये जाने पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस आयुक्त के आदेश के मुताबिक थाना प्रभारी रत्नेश कुमार सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। उनके स्थान पर श्री विपिन सिंह को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाया गया था, जहां उससे करीब ढाई लाख रुपये की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगा। मामला सामने आने के बाद इसे बेहद गंभीरता से लिया गया और जांच सीधे पुलिस कमिश्नर स्तर से कराई गयी।
जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपों में सच्चाई पाई गयी। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।




