भ्रष्टाचार के जरिये पैसा कमाने के लिये भाजपा सरकार बनाती है योजनायें: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के जरिए पैसा कमाने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाती है और अपने लोगों से लूट कराती है। जल जीवन मिशन इसका जीता-जागता उदाहरण है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की हर योजना और काम में भ्रष्टाचार और लूट है। मंहगाई, बेरोजगारी से जनता परेशान है। भाजपा की गलत नीतियों से गरीब और गरीब होता जा रहा है। शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। सरकारी स्कूल बंद किये जा रहे है। छात्र और अभिभावक बेबस है। सरकारी अस्पतालों में दवा इलाज नहीं मिल पाता है। इस सरकार ने अस्पतालों की दुर्दशा कर दी। मेडिकल कॉलेजों में मानक के अनुरूप सुविधाएं नहीं है। सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी तब तक राज्य की हालत खराब होती रहेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा भूमाफिया बन गयी है। भाजपा के लोग सरकारी और गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। तालाब, पार्क अन्य सरकारी जमीन पर भाजपाई अवैध कब्जा कर रहे हैं। जमीनों पर कब्जा करना ही भाजपा का एजेण्डा है। भाजपा सरकार ने अपने लोगों को लाभ दिलाने के लिए प्रदेश के लाखों गरीब परिवारों को उजाड़ दिया, उन्हें अधिग्रहीत जमीनों और दुकानों का उचित मुआवजा भी नहीं दिया।
उन्होने कहा कि आरएसएस उत्तर प्रदेश में नागपुर जैसा केन्द्र बना रही है। भाजपा समाज में झूठ और नफरत फैलाती है। झूठ फैलाकर विरोधियों को बदनाम करती है। नफरत फैलाकर समाज में दूरियां बढ़ाती है। भाजपा का सच से कोई सम्बंध नहीं है। भाजपा की कथनी-करनी में जमीन आसमान का अंतर है। बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है।

Related Articles

Back to top button