मंत्रियों संग यमुना आरती में शामिल हुईं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा

नयी दिल्ली, दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के महज छह घंटे बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार शाम को कश्मीरी गेट के पास स्थित वासुदेव घाट पहुंचीं और अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ यमुना नदी की पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुईं।

गौरतलब है कि वारणसी, हरिद्वार और ऋषिकेश की गंगा आरती की तरह रोज यहां यमुना आरती होती है। कश्मीरी गेट से महज थोड़ी दूरी पर स्थित वासुदेव घाट को मार्च 2024 में दर्शकों के लिए खोला गया था। इसका उद्घाटन उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने किया था। इसके बाद बीते एक साल से यहां रोज यमुना आरती होती है।

श्रीमती गुप्ता के साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंदराज सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली भाजपा के प्रभारी बैजयंत जय पांडा सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने वासुदेव घाट पर पूजा-अर्चना की और यमुना आरती में शामिल हुए। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के गठन के पहले ही दिन यमुना नदी की आरती कर यमुना की साफ-सफाई के अपने संकल्प को फिर से दोहराया गया।

Related Articles

Back to top button