मकान की छत गिरी, दो मरे 15 घायल

आगरा, उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के ताजगंज क्षेत्र में दो मंजिला मकान की छत ढहने से मलबे में दब कर दो लोगों की मौत हो गयी जबकि 15 अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि धांधूपुरा गांव स्थित आरपी नगर कालोनी में सोमवार देर रात जन्मदिन पार्टी के दौरान दो मंजिला मकान की छत अचानक भरभरा कर ढह गयी जिसके मलबे में 17 लोग दब गये। ग्रामीणों ने आनन फानन में लोगों को बाहर निकाला जिसमें दाे लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।

उन्होने बताया कि गजेन्द्र हरि वर्मा और अनिकेत चौधरी के मकान की दूसरी मंजिल के बरामदे में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी में करीब 60 रिश्तेदार और ईष्ट मित्र मौजूद थे। रात करीब साढे नौ बजे पुराने मकान की छत बोझ सहन नहीं कर सकी और भरभरा कर ढह गयी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने बताया कि हादसे में मारे गये युवकों की पहचान मंजीत (24) और अरूण (22) के रूप में की गयी है। गंभीर रूप से घायल 15 लोगाें को एसएन मेडिकल कालेज और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुये स्थानीय जिला प्रशासन को पीडितों के समुचित उपचार करने के निर्देश दिये है।

Related Articles

Back to top button