मजार को ध्वस्त करना उचित नहीं : रमा शंकर राजभर

देवरिया, उत्तर प्रदेश में सलेमपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रमा शंकर राजभर ने देवरिया में अवैध मजार के ध्वस्तीकरण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये सोमवार को कहा कि इस कार्रवाई से समाज में अच्छा संदेश नहीं जायेगा और जिला प्रशासन को ऐसी कार्रवाई से बचना चाहिये था।
रमा शंकर राजभर ने सोमवार को यूनीवार्ता से कहा “ देवरिया में जो कुछ हुआ है। इससे समाज में अच्छा संदेश नहीं जायेगा। तमाम लोग सरकारी रोड़ पर कब्जा, खलिहान की भूमि पर कब्जा, सरकारी खाद गढ्ढे पर कब्जों को मुक्त कराने के लिये फरियाद करते रहते हैं मगर सामाजिक सौहाद्र को ठेस पहुंचाने वाली कार्रवाई से बचने का प्रयास करना चाहिये।”
उन्होंने कहा “ देवरिया में जो भी अवैध निर्माण हुए हैं,वह सब गिरने चाहिए। मैं इस कार्रवाई की निन्दा करता हूं। जिला प्रशासन को ऐसी कार्रवाई से बचना चाहिए। जिससे समाज में नफरत पैदा होता हो।”
रमा शंकर राजभर ने कहा कि देवरिया में मजार पर कार्रवाई आनन फानन में हुई है। क्या निचली अदालत अपने ऊपरी अदालत के आदेश का इन्तजार नहीं कर सकती थी। उन्होंने कहा कि देश की शीर्ष अदालत ने कहा दिया है कि बुलडोजर वाली संस्कृति समाप्त होनी चाहिए। यहां तो ऊपरी अदालत में जाने का इन्तजार भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा “ मैं मांग करता हूं कि सरकार और प्रशासन जिन जगहों पर सरकारी भूमि पर कब्जा तथा अवैध निर्माण हुए हैं। उसको भी इसी तर्ज पर मुक्त कराया जाये।





