मथुरा में बारिश के बीच भक्ति में लीन नजर आईं राष्ट्रपति मुर्मू

मथुरा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचीं। खराब मौसम और रिमझिम बारिश के बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने वृंदावन के प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश की खुशहाली की कामना की।

राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर मथुरा के कैंट हैलीपैड पर उतरा। यहाँ उनकी अगवानी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और संदीप सिंह सहित जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रपति का काफिला होटल रेडिसन के लिए रवाना हुआ।

होटल में कुछ देर विश्राम करने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू का काफिला वृंदावन की ओर बढ़ा। राष्ट्रपति ने यहाँ इस्कॉन श्री कृष्ण-बलराम के दर्शन किए, मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इसके बाद वह जगद्गुरु कृपालु परिषद द्वारा निर्मित भव्य प्रेम मंदिर पहुंचीं, जहां की नक्काशी और आध्यात्मिक वातावरण देखकर वह अभिभूत नजर आईं।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मथुरा-वृंदावन में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह , महापौर विनोद अग्रवाल एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप, डीएम सी.पी. सिंह ,लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा शामिल रहे।

दर्शन के दौरान अचानक हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। भारी सुरक्षा घेरे के बीच राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में काफी समय बिताया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। एसएसपी श्लोक कुमार स्वयं पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते नजर आए।राष्ट्रपति 19 से 21 मार्च तक वृंदावन गोवर्धन के दौरे पर हैं।

Related Articles

Back to top button