मन की बात’ एक संवाद नहीं, राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का माध्यम : केशव मौर्य

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के विचार देश के हर नागरिक को प्रेरित करते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

रविवार को उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित कैम्प कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और एकजुटता का संचार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री का संतुलित और स्पष्ट दृष्टिकोण देश को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस संदेश को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया, जिसमें नागरिकों से जागरूक रहने, अफवाहों से दूर रहने और एकजुट होकर संयमित आचरण अपनाने का आह्वान किया गया।

उन्होंने ‘मन की बात’ में प्रस्तुत प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में एक घंटे में 2.51 लाख से अधिक पौधारोपण कर बनाए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, ‘ज्ञान भारतम’ पहल और ‘अमृत सरोवर’ जैसे अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ये प्रयास जनभागीदारी की सशक्त मिसाल हैं। साथ ही ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ से लोगों को आर्थिक लाभ मिल रहा है और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।

Related Articles

Back to top button