Breaking News

मल्लिकार्जुन खड़गे ने देहरादून में मोदी सरकार पर कसा तंज

देहरादून, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को उत्तराखंड के देहरादून में रविवार को केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर तंज कसे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने देरी से यहां पहुंचने पर क्षमा मांगते हुए कहा,“ आजकल उड़ने के लिए मोदी जी की आज्ञा लेना पड़ती है। फिर हेलिकॉप्टर में चढ़ने, उतरने, हेलिकॉप्टर लैंडिंग में भी उनकी आज्ञा लेनी पड़ती है। वह हम सबको सताते हैं। ताकि लोग लंबा इंतजार करके हमारे भाषण के समय चले जाएं। हमें ऐसी सरकार को हटाना है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ,“ आप उत्तराखंड के लोग हिम्मत वाले हैं। पूरे देश को बचाने वाले हैं।” उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा पर आरोप लगाया,“ आजकल देश को बचाने का क्रेडिट वह उत्तराखंड या हिमालय को नहीं देते। पूरा क्रेडिट मोदी जी खुद लेते हैं। जो चल रहा है, आप सब सुबह अपने धर्म के गुरु की फोटो या चेहरा नहीं देखेंगे। टीवी लगाकर आप मोदी का चेहरा देखेंगे। इसीलिए अब वो विष्णु के 11वां अवतार बनने को निकले हैं। हर व्यक्ति धर्म पर भरोसा रखता है, लेकिन राज्य अलग होता है। लेकिन यहां सब मिक्स चल रहा है। अच्छे और बुरे का पता नहीं चल पा रहा।”

उन्होंने कहा,“ हमारी नेता इंदिरा गांधी ने देश को एक रखने के लिए अपनी जान दी। राजीव गांधी ने जान दी।” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से पूछा कि आजादी के लिए आपके कितने लोग जेल गए, कितने बर्बाद हुए। कितनों ने अपने घरबार छोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग फांसी पर चढ़े हैं। आप संपत्ति जमा कर रहे हो। उनके घर का कोई व्यक्ति कभी आजादी के लिए नहीं मरा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजी हुकूमत में जब महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो का बीड़ा उठाया तो इनके लोग अंग्रेजी सरकार में नौकरी पर लगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,“ श्री मोदी के सपने में नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी आते हैं। आजकल राहुल गांधी तो उन्हें सोने ही नहीं दे रहे हैं। वह डर रहे हैं।हमारी न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड में अच्छी हुई, लेकिन असम में घुसते ही गड़बड़ी शुरू हो गई। यात्रा को रोकने का प्रयास किया गया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार असम में है, वहीं ये गड़बड़ हुई। लेकिन हम डरकर भागने वाले नहीं हैं। जब तक आप सब हैं, कांग्रेस को कोई हिला नहीं सकता।”

उन्होंने कहा,“ हमने जो बनाया, उन सबको भाजपा बेचकर खा रही है। मैं 1974 में पंतनगर यूनिवर्सिटी में 30 वर्ष की आयु में आया था। वह यूनिवर्सिटी कांग्रेस ने बनाई। एनआईटी उत्तराखंड, एम्स, आईआईएम, बीएचईएल, ओएनजीसी, जैसे सब हमने बनाए। हजारों लोगों को नौकरी मिली। उन्होंने भाजपा से सवाल किया,“ आपका कुछ है तो बताओ।” उन्होंने केंद्र सरकार से कहा,“ ऐसे बनाओ, जो नेहरू जी ने बनाया। बाबा साहेब अंबेडकर ने जो काम किया, वह जानता के लिए किया। मनरेगा लाए। सूचना का अधिकार दिया। हमारे जमाने में गैस सिलिंडर 450 का था तो इनके जमाने मे 1000 पार हो गया।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,“ उनका नजरिया अलग है, हमारा अलग। नेहरू जी ने देश को जो दिया, वो दिखता है। इनका काम है फ्रांस जाना, उनको गले लगाना। चीन से झूले में बैठकर झूलते रहे। वह हमारे देश पर कब्जा करता रहा। देश की रक्षा के लिए मोदी है। हम किसलिए हैं। हम तो जान देने को तैयार हैं, इसलिए आजादी अब तक बची है। कई देशों में महिलाओं को वोटिंग का अधिकार नहीं था, लेकिन हमारे देश में संविधान में महिलाओं को वोटिंग का अधिकार दिया गया। अब वो वोटिंग पावर खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। आप आज अगर वोट देकर सरकार बनाते हो तो जान लो ये अधिकार कांग्रेस ने दिया है। जबकि वे (भाजपा) देश को डुबोएंगे।