पटना, बिहार में राष्ट्रीय जनता दल नीत महागठबंधन के घटक दलों के बीच आज प्रदेश की सभी 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे पर सहमति बनी और प्रथम चरण के उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी गयी।
राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद मनोज झा और प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्वे ने यहां महागठबंधन के घटक दलों के नेता की मौजूदगी में सीटों की घोषणा की। साथ ही प्रथम चरण के उम्मीदवारों की सूची भी जारी की।
सांसद मनोज झा एवं पूर्वे ने बताया कि घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के तहत राजद को 20, कांग्रेस नौ, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को पांच, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को तीन और विकासशील इंसान पार्टी को तीन जबकि भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी.लेनिनवादी ;भाकपा.माले को राजद के कोटे से एक सीट दी गयी है।
पूर्वे ने बताया कि 11 अप्रैल को प्रथम चरण के चुनाव के लिए महागठबंधन ने मजबूत उम्मीदवार दिए हैं। इस चरण के लिए गया ;सुरक्षित से हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी, नवादा से राजद की श्रीमती विभा देवी, जमुई ;सुरक्षित से रालोसपा के भूदेव चौधरी, औरंगाबाद से हम के उपेंद्र प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। लोकतांत्रिक जनता दल के संरक्षक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव राजद के चुनाव चिन्ह से लड़ेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसी तरह नवादा विधानसभा उपचुनाव के लिए हम के धीरेंद्र कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने बताया कि डिहरी विधानसभा उपचुनाव के लिए राजद के मो0 फिरोज हुसैन को प्रत्याशी बनाया गया है।
वहीं, संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झाए रालोसपा के प्रधान महासचिव सत्यानन्द दांगी, हम के दानिश रिजवान और वीआईपी के कोषाध्यक्ष राजभूषण चौधरी मौजूद थे।
सांसद मनोज झा ने बताया कि इससे पूर्व राजद विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, हम के अध्यक्ष जीतनराम मांझी, वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव उपस्थित थे।