महाशिवरात्रि को लेकर परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर का सुरक्षा निरीक्षण

कानपुर, आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं उपजिलाधिकारी ने थाना ग्वालटोली क्षेत्र स्थित श्री आनंदेश्वर (परमट) मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मंदिर परिसर, घाटों, आवागमन मार्गों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों का स्थलीय जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारी, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन तथा सतत निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल), अपर पुलिस उपायुक्त (एलआईयू), सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज, नगर निगम एवं केस्को के अधिकारी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी, स्थानीय पार्षद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि गंगा तट पर स्थित आनंदेश्वर मंदिर में यूं तो हमेशा श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है लेकिन श्रावस मास के सोमवार और महाशिवरात्रि आदि पर्व पर यहां बाबा के दर्शनों के विशाल जनसैलाब उमड़ता है जिसे संभालने के लिये जिला व पुलिस प्रशासन को कमर कसनी होती है।

Related Articles

Back to top button