महिला आरक्षण सरकार की नीयत में नहीं : अखिलेश यादव

सुलतानपुर, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि महिला आरक्षण भाजपा सरकार की नीयत में नहीं है।
सुलतानपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने आए अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने महिला आबादी की गिनती नहीं की। इसका मतलब आरक्षण सरकार की नीयत में नहीं है। सरकार ने अभी महिलाओं का क्षेत्र बनाया नहीं और आरक्षण की तैयारी कर रहे हैं।
बिजली के स्मार्ट मीटर पर तंज कसते हुए उन्होने कहा, “ यह स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि ‘प्री-पीड़ा’ देने वाले ‘पीड़ित मीटर’ हैं। मीटर इतनी तेजी से भाग रहे हैं कि जनता का बिजली बिल आसमान छू रहा है। यही मुख्यमंत्री की स्मार्टनेस है।” इससे पहले उन्होने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए सेना के जवान अखिलेश शुक्ला के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर नहीं चलती, बल्कि केवल प्रतीकों की राजनीति करती है। भाजपा के पास अपना कोई समाजवादी चेहरा नहीं था, इसलिए उन्होंने जयप्रकाश नारायण और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों का सहारा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर नहीं चलती, बल्कि केवल प्रतीकों की राजनीति करती है।
उन्होंने महिला आरक्षण के कार्यान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए कि महिलाएं कहां से चुनाव लड़ेंगी। साथ ही, उन्होंने आरक्षण की प्रक्रिया में बड़ी धांधली होने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने अयोध्या में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा और बसपा एकजुट हुए तो भाजपा को वहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।





