महिला का सड़ा-गला शव मिला, साथ रहने वाला शख्स फरार

नयी दिल्ली,  राष्ट्रीय राजधानी में मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में शुक्रवार को एक मकान में 23-24 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि महिला की मौत तीन-चार दिन पहले हुई होगी। महिला के साथ रहने वाला एक शख्स पिछले चार दिनों से लापता है, जिसके चलते पुलिस को उस पर शक है।

पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने आज बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, फरार शख्स की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली कि नेहरू विहार, गली नंबर-11, मकान नंबर-824 में एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पहली मंजिल पर स्थित कमरे में महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया। जांच में पता चला कि महिला पिछले पांच महीने से उसी मकान में एक शख्स के साथ रह रही थी, जो पिछले चार दिनों से गायब है।

अधिकारी ने बताया कि महिला के शरीर पर किसी धारदार हथियार या चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिसके कारण मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में लापता शख्स की भूमिका हो सकती है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button