महिला पुलिस की स्कूटी रैली ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

नोएडा, महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित अभियान ‘मिशन शक्ति पांच दशमलव शून्य’ के दूसरे चरण का मंगलवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 21 ए स्थित नोएडा स्टेडियम से पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह द्वारा शुभारंभ किया गया और उसके बाद महिला पुलिस इकाई की स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
स्कूटी रैली के दौरान ‘स्वयं सिद्धा’ मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वाड, पीआरवी वाहन और पिंक बूथ की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। रैली ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में महिला और बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत मिशन शक्ति अभियान, स्कूल-कॉलेज आउटरीच कार्यक्रम, एंटी रोमियो स्क्वाड, साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान और बाल सुरक्षा कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
मिशन शक्ति केंद्र और वन स्टॉप सेंटर के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित सहायता, कानूनी परामर्श और सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।
इस मौके पर अधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं—जैसे कन्या सुमंगला योजना, मिशन वात्सल्य और महिला हेल्पलाइन सेवाओं—का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में महिलाओं और बच्चों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महिला पुलिसकर्मियों की अग्रणी भागीदारी यह दर्शाती है कि पुलिस प्रशासन महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्हाेंने कहा कि यह स्कूटी रैली केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जनमानस को जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम बनी। इसके जरिए “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एसीपी-द्वितीय नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी ने सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत संदेश दिया।





