मिशन शक्ति 5.0 : योगी सरकार का एंटी रोमियो स्क्वॉड बना महिलाओं की सुरक्षा का प्रतीक

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती दी है। नवरात्र के दौरान यूपी पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वॉड ने विशेष अभियान चलाते हुए एक लाख से अधिक मंदिरों, बाजारों, मॉल और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की।
अभियान के दौरान 9.77 लाख से अधिक व्यक्तियों की जांच, 2,542 अभियोग पंजीकृत, 3,972 गिरफ्तारियां और 3.13 लाख लोगों को चेतावनी दी गई। इसके अलावा 53 हजार से अधिक निरोधात्मक कार्रवाइयां भी की गईं। पुलिस की सतर्कता से नवरात्र और रामलीला पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए।
इसके लिए प्रदेश भर में 37 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। इनमें 411 राजपत्रित अधिकारी, 7,999 निरीक्षक/उपनिरीक्षक, 22,547 आरक्षी और 6,380 होमगार्ड/पीआरडी कर्मी शामिल थे। वहीं राज्य भर में 55 हजार से अधिक पंडालों और 4,900 से अधिक रामलीला स्थलों पर सुरक्षा इंतज़ामों की कड़ी निगरानी की गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की एडीजी पद्मजा चौहान ने बताया कि 39,911 महिला चौपालों के माध्यम से 20 लाख से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा गया, जबकि 1.56 करोड़ फोल्डर, पंपलेट और स्टीकर वितरित कर महिलाओं की सुरक्षा संबंधी संदेश आमजन तक पहुंचाए गए।