मुख्यमंत्री आवास के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास

लखनऊ, दबंग के उत्पीड़न और पुलिस की उदासीनता से क्षुब्ध हरदोई की एक महिला ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया।

मौके पर सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से महिला को बचा लिया गया। जिसके बाद मौके पर पहुंची गौतमपल्ली महिला को लेकर थाने आई। महिला ने बताया कि हरदोई पुलिस उसके मामले पर कार्रवाई नहीं कर रही है जिससे वह आहत है और न्याय की गुहार लगाने के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाह रही थी।

हरदोई जिले के तिहानी थानान्तर्गत खुरमुल्ली निवासी 26 वर्षीया पीड़ित महिला रोली कश्यप ने बताया कि आरोपी विक्की मिश्रा ने लखनऊ में घर दिलाने के नाम पर उसे झूठा आश्वासन दिया था। वह उसके बहकावे में आकर हरदोई के अपने मकान को बेचकर फोन एप के माध्यम से आरोपी को 60 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। पैसा मिलने के बाद विक्की मिश्रा पीड़ित महिला को लगातार मकान दिलाने का आश्वासन देता आ रहा था। काफी समय बीत जाने के बाद जब महिला को लखनऊ में मकान नहीं मिला तो उसने आरोपी से पैसे वापस करने की मांग की तो आरोपी उसे धमकियां देने लगा।

पीड़ित महिला ने बताया कि इस मामले की शिकायत लेकर वह हरदोई पुलिस कप्तान के पास गई थी। पर वहां भी उसके मामले की कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा आरोपी विक्की मिश्रा उसे धमकियां देने लगा। पीड़िता का कहना है कि विक्की मिश्रा अक्सर फोन पर धमकी देता है कि वह 5-6 लाख रुपए पुलिस वालों को खिलाकर या मामला रफा दफा कर देगा और वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती है।

इंस्पेक्टर गौतमपल्ली ने बताया कि मकान खरीदने को लेकर महिला ने किसी को पैसे दिए थे। पैसा वापस न करने की शिकायत महिला ने स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी। कोई कार्यवाही होते न देख महिला आज मुख्यमंत्री दरबार मे फरियाद लगाने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर स्थानीय पुलिस से सम्पर्क किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button