Breaking News

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को मिली अस्पताल से छुट्टी, राष्ट्रपति चुनाव के लिए किया मतदान

चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें सोमवार को कावेरी अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जिसके बाद उन्होंने राज्य सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। अस्पताल द्वारा जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी।

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन मतदान करने के बाद अपने आवास के लिए रवाना हुए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एक और सप्ताह के लिए पूर्ण आराम की सलाह दी है।

बुलेटिन में बताया गया कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन 12 जुलाई को कोविड संक्रमित पाए गए थे और उन्हें 14 जुलाई को कोविड ​​संबंधित लक्षणों की जांच तथा अवलोकन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के राज्यपाल आर .एन. रवि, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कोरोना से संक्रमित श्री स्टालिन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। श्री स्टालिन ने उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके इस वायरस से शीघ्र उबरने की कामना की।