Breaking News

मुख्यमंत्री योगी का बुलडोजर सिर्फ विपक्षियों के पीछे: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलडोजर का स्टेयरिंग लिए विपक्षियों के पीछे घूम रहे हैं जबकि सत्ता संरक्षित अपराधी कहर बरपा रहे हैं।

श्री यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दूर करना भाजपा के बस की बात नहीं रह गई है। मुख्यमंत्री का कथित जीरो टॉलरेंस का निर्णय लोकभवन के अंदर या मुख्यमंत्री आवास तक ही सीमित नज़र आता है। अपराधी तत्व बेफिक्र होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पूरे प्रदेश में जंगल राज नज़र आता है। उत्तर प्रदेश अराजकता की गिरफ्त में है। गत पांच वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है।

उन्होने कहा कि प्रदेश में कारोबारियों की जिंदगी खतरे में है। 15 दिन में छह कारोबारियों से लूट हो गई। बरेली के कपड़ा व्यवसायी से बदायूं में दिन दहाड़े लूट हुई। महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ हैवानियत की हद हो गई। प्रदेश में अन्याय-अत्याचार से बहू-बेटियां बुरी तरह परेशान है। राजधानी लखनऊ में ढाई महीने में 25 चेनें लूटी गई हैं। लखनऊ में पुलिस वाले ही लूट में शामिल पाए गए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय यूपी डायल 100 नम्बर सेवा शुरू की गई थी ताकि चंद मिनटों में पुलिस घटना स्थल पर पहुंच सके। भाजपा सरकार ने 100 नम्बर बदलकर 112 कर दिया और उसको सक्रिय बनाने के बजाय निष्क्रिय कर दिया। ऐसा लगता है भाजपा सरकार का इरादा प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का नहीं, प्रदेश के गौरव को धूल धूसरित कर देने का है।