मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में होगा तुलसीदास की प्रतिमा का अनावरण

चित्रकूट, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में 31 जुलाई को गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संत मुरारी बापू की मौजूदगी में होगा।
दीनदयाल शोध संस्थान की सचिव अभय महाजन ने बताया कि तुलसीदास जी की 528वीं जयंती के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के परिसर में तुलसीदास की प्रतिमा स्थापित होना सुनिश्चित हुआ है, जिसमें संत मोरारी बापू एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये प्रचार-प्रसार की दृष्टि से जिले के सम्पूर्ण ग्राम पंचायतों में प्रत्येक परिवार को आमंत्रण पत्र के साथ तुलसीदास जी का साहित्य और कलेण्डर देने का कार्य दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ता पिछले एक माह से कर रहे हैं। इस संदर्भ में कर्वी, राजापुर, मऊ में वृहद बैठकों का आयोजन भी हुआ है।
पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा का अनावरण 31 जुलाई 2025 श्रावण मास शुक्ल पक्ष सप्तमी को गोस्वामी तुलसी दास परिसर कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में किया जाएगा। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम हेतु मुख्य रूप से रामकथा मर्मज्ञ मुरारी बापू का भी उद्बोधन होगा वहीं विशेष रूप से आमंत्रित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
अभय महाजन ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह के आने की भी संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिये अशोक जाटव जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रकूट गुप्ता नगर पालिका अध्यक्ष कर्वी, श्री पंकज अग्रवाल अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक बाँदा- चित्रकूट, आर के सिंह पटेल पूर्व सांसद द्वारा सतत प्रयत्न किया जा रहा है।