मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर 331 विस्थापित हिंदू परिवारों का लखीमपुर-खीरी में पुनर्वास

लखीमपुर खीरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बांग्लादेश से विस्थापित होकर आए 331 हिंदू परिवारों को लखीमपुर-खीरी जिले की विभिन्न तहसीलों के गांवों में बसाया गया है, जहां अब ये परिवार स्थायी रूप से रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, धौरहरा तहसील के सुजानपुर गांव में 97 परिवार, मोहम्मदी तहसील के मोहनपुर ग्रांट में 41 और मियांपुर गांव में 156 परिवारों को बसाया गया है। इसके अलावा गोला तहसील के ग्रांट नंबर-3 में 37 परिवारों को पुनर्वासित किया गया है। इन परिवारों को जीविकोपार्जन के लिए कृषि भूमि भी उपलब्ध कराई गई है। गोला तहसील के ग्रांट नंबर-3 में बसे परिवारों को औसतन 3 एकड़ प्रति परिवार जमीन दी गई है। सुजानपुर में 60 परिवारों को करीब 1.620 हेक्टेयर और 37 परिवारों को लगभग 0.607 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई।
मोहम्मदी तहसील के मोहनपुर ग्रांट में 15 परिवारों को 3 एकड़, 9 परिवारों को 7 एकड़ और 17 परिवारों को 5 एकड़ जमीन दी गई है। वहीं मियांपुर गांव में बसे 156 परिवारों को प्रति परिवार करीब 4.75 एकड़ भूमि दी गई है।
प्रशासन ने बताया कि इन परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा गया है। पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाएं, सुकन्या समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ दिया जा रहा है।
इसके अलावा राशन वितरण, टीकाकरण, मनरेगा, मिड-डे मील, समग्र शिक्षा योजना, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि इन परिवारों को न केवल बसाया गया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सरकारी सहायता भी प्रदान की जा रही है।





