Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने कान्हा का किया दर्शन-पूजन, चरणों में निवेदित की श्रद्धा

मथुरा, श्रीकृष्ण के 5251वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीकृष्ण के चरणों में अपनी श्रद्धा निवेदित करते हुए दर्शन-पूजन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व है। 5251 वर्ष पूर्व श्री हरि भगवान विष्णु के पूर्ण अवतार के रूप में लीलाधरी भगवान श्रीकृष्ण ने मां देवकी व वासुदेव के सुपुत्र के रूप में इस धरा धाम पर अवतरित होकर धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना का कार्य द्वापर युग में पूर्ण करके श्रीमद्भागवत के शाश्वत मंत्रों के माध्यम से नई संजीवनी दी।

उन्होने कहा “ यही कामना करता हूं कि प्रभु की कृपा से देश व प्रदेश पर सुख, समृद्धि बरसती रहे। पांच हजार वर्ष पूर्व उन्होंने धर्म के पथ का अनुसरण करने, सत्य व न्याय की संदेश दिया था, उस मार्ग का अनुसरण करते हुए हम सभी लोकमंगल व राष्ट्रमंगल के अभियान के प्रति पूर्ण समर्पण भाव के साथ कार्य कर सकें। प्रभु आपको इतनी शक्ति दें कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक व राष्ट्रीय जीवन मंगलमय व शुभ हो। आप सभी मिलकर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिए तैयार हो सकें।”

मुख्यमंत्री योगी ने श्रीकृष्ण कन्हैया लाल की जय, वृंदावन बिहारी लाल की जय, राधे रानी की जयकार लगवाकर अपनी बात समाप्त् की।

उन्होंने श्रीकृष्ण के चरणों में अपनी श्रद्धा निवेदित करते हुए दर्शन-पूजन किए। उन्होने यहां कान्हा को पंचामृत स्नान कराया व भोग प्रसाद अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने गर्भ गृह में भी दर्शन किया। गर्भ गृह को कारागार के रूप में सजाया या। फिर मंदिर प्रांगण का अवलोकन किया। इस दौरान पूरा प्रांगण ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ गूंज से गुंजायमान हो गया। बता दें कि रविवार को जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सीएम ने वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी के दर्शन-पूजन किया था।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी गण मौजूद रहे।