मुख्यमंत्री योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश, त्योहारों को लेकर सतर्क रहने को कहा

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और त्योहारों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि SI भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर निगरानी मजबूत रखी जाए और किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जाए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि ईद उल फ़ितर और अलविदा की नमाज़ के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नवरात्रि के मद्देनजर मिर्जापुर, बलरामपुर , सीतापुर और सहारनपुर के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राम नवमी के अवसर पर मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित अयोध्या और मथुरा दौरे को लेकर भी व्यापक और व्यवस्थित प्रबंध किए जाएं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button