मुख्यमंत्री योगी से कनाडा के उच्चायुक्त की मुलाकात

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार देने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक व निवेश संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की संभावनाओं पर जोर देते हुए उत्तर प्रदेश को उभरता हुआ निवेश और इनोवेशन हब बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए आधारभूत ढांचे, नीतिगत सुधारों और सुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यूपी वैश्विक निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बनकर उभरा है।
बैठक में ग्रीन एनर्जी, एलएनजी/एलपीजी, क्रिटिकल मिनरल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

उच्चायुक्त ने शिक्षा और अनुसंधान को भी साझेदारी का महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग से कौशल विकास और नवाचार को नई गति मिल सकती है।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कनाडाई कंपनियां उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश और तकनीकी साझेदारी के अवसरों का सक्रिय रूप से आकलन कर रही हैं। सतत ऊर्जा, स्वच्छ तकनीक और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्रों में कनाडा की विशेषज्ञता, उत्तर प्रदेश की विकास आवश्यकताओं के अनुरूप है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में निवेश-अनुकूल वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कनाडा की कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और ब्रह्मोस परियोजना का जिक्र करते हुए प्रदेश की बढ़ती औद्योगिक क्षमता को रेखांकित किया।

बैठक में दोनों पक्षों ने निवेश, तकनीकी सहयोग और कौशल विकास के क्षेत्रों में आपसी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल नीति वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button