मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से सनसनी

मुजफ्फरनगर, मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल, पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, पेशे से पेंटर इरशाद (32) का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। वहीं, उसकी पत्नी नूरीन (28) और उनके दो छोटे बच्चों दो वर्षीय बेटे आहिल और एक माह की बेटी अक्षरा के शव घर के अंदर ही पड़े मिले। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब घर का दरवाजा बंद था और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। इरशाद के भाई नौशाद मौके पर पहुंचे और संदिग्ध स्थिति देखकर पड़ोसियों व पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का है। पुलिस सभी पहलुओं घरेलू विवाद, आर्थिक तंगी या अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button