Breaking News

मॉल की छत ढहने से छह लोगों की मौत

लीमा, उत्तर-पश्चिमी पेरू में एक शॉपिंग मॉल के फ़ूड कोर्ट की छत ढहने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 78 अन्य घायल हो गए है।

अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना ट्रूजिलो के व्यस्त शॉपिंग सेंटर रियल प्लाजा मॉल में हुई।

सरकारी समाचार एजेंसी एंडिना के अनुसार घायलों में से 30 को छुट्टी दे दी गई है जबकि 48 अभी भी अस्पताल में हैं जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।

आपातकालीन दल ने छत ढहने के कुछ ही मिनटों बाद कार्रवाई की और जीवित बचे लोगों को बचाने के लिए रात भर काम किया। अधिकारियों ने संरचना को भारी-भरकम बताया जो सीधे फ़ूड कोर्ट के बच्चों के क्षेत्र पर गिरी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने उच्च मांग के कारण रक्तदान करने का आग्रह किया है।

पेरू की राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे ने गहन जांच और जिम्मेदार लोगों के लिए कठोर दंड का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘हम आर्थिक हितों को मानव जीवन पर हावी नहीं होने दे सकते।’

ट्रूजिलो प्रांतीय अभियोक्ता कार्यालय ने आपराधिक जांच शुरू कर दी है जबकि अधिकारियों का कहना है कि ढही हुई संरचना का रखरखाव ठीक से नहीं किया गया होगा।

ला लिबर्टाड क्षेत्रीय सरकार ने दो दिन का शोक घोषित किया है।