Breaking News

मोदी सरकार के खिलाफ थ्री डी फार्मूला का इस्तेमाल कर रही कांग्रेस- वेंकैया नायडू

भुवनेश्वर,  केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने आरोप लगाया कि विकास के एकमात्र मकसद से काम कर रही मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस थ्री डी फार्मूला का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस व्यवधान, दुष्प्रचार और बदनाम के जरिए मोदी सरकार के खिलाफ काम कर रही है। शहरी विकास एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्री नायडू ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस एक चायवाला की बढ़ती लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसके लिए उसने थ्री–डी फार्मूला अपनाया है।

नायडू ने कांग्रेस पर सरकारी कार्य तथा संसद को बाधित करने, दुष्प्रचार करने तथा प्रधानमंत्री की छवि खराब करने का आरोप लगाया। नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री का एकमात्र एजेंडा विकास है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार तीन डी यानी निर्णय, गतिशीलता और विकास पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन साल का कार्यकाल भ्रष्टाचार से मुक्त रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए नायडू ने दावा किया कि राहुल को सिर्फ लोगों के साथ फोटो खिंचवाना पसंद है।

भाजपा नेता ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने आश्वासनों और वादों को तस्वीरें खिंचवाने के बाद भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे हैदराबाद विश्वविद्यालय हो या जेएनयू या महाराष्ट्र या मध्य प्रदेश में किसानों का आंदोलन, राहुल तस्वीरें खिंचवाने के बाद वापस लौट आते हैं। मध्य प्रदेश के किसानों के मुद्दे पर नायडू ने कहा कि किसानों की समस्याएं रातोंरात नहीं पैदा हुयी हैं। यह पिछली कांग्रेस सरकारों द्वारा उनके मुद्दों की लगातार अनदेखी के कारण पैदा हुयी है।

शहर के सबसे बडे स्लम सलिया साही में सबका साथ, सबका विकास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि राजग सरकार ने अब तक महिलाओं, अनुसूचित जातियों और जनजातियों को मुद्रा योजना के तहत सात करोड़ रूपए से अधिक की राशि जारी की गयी है। काले धन के मुद्दे पर नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक नोटबंदी फैसले के कारण 1,25,000 करोड़ रूपए का काला धन सामने आया है।