यमुना प्राधिकरण की इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास नई आवासीय प्लॉट योजना लॉन्च

ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला क्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए आवासीय प्लॉट की नई योजना शुरू की है। इस योजना के तहत आवेदकों को उभरते हुए क्षेत्र में, खासकर नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के नजदीक अपना घर बनाने का अवसर मिलेगा। यह योजना उन लोगों के लिए खास मानी जा रही है जो भविष्य में बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहे इलाके में निवेश करना चाहते हैं।
प्राधिकरण ने विज्ञप्ति में सोमवार को योजना संबंधी जानकारी साझा की गई जिसमें बताया गया कि,इस योजना में एक सौ अस्सी मीटर से दो सौ मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले विभिन्न आकार के आवासीय प्लॉट शामिल किए गए हैं, ताकि अलग-अलग आय वर्ग के लोग इसमें आवेदन कर सकें। प्लॉट का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जिसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के बाद इस पूरे क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। ऐसे में यहां प्रॉपर्टी की मांग लगातार बढ़ रही है। आवासीय प्लॉट योजना इसी बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए लाई गई है, जिससे लोगों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ रहने का अवसर मिल सके।
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन मानी जा रही है। प्रस्तावित प्लॉट्स एयरपोर्ट, यमुना एक्सप्रेसवे, फिल्म सिटी और अन्य प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं के नजदीक होंगे, जिससे यहां रहने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में यह क्षेत्र रियल एस्टेट निवेश के लिहाज से हॉटस्पॉट बन सकता है। ऐसे में इस योजना के तहत प्लॉट लेना न सिर्फ घर बनाने के लिए, बल्कि निवेश के लिहाज से भी फायदेमंद साबित हो सकता है।
प्राधिकरण जल्द ही योजना की विस्तृत जानकारी जैसे प्लॉट साइज, कीमत, आवेदन तिथि और शर्तों को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा। इच्छुक लोगों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें ताकि इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें।





